Metro Line Connecting Dahisar East to Kashigaon Inaugurated; Thane-Mumbai Connectivity Established
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दहिसर पूर्व को काशीगांव से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 9 के उद्घाटन के साथ मुंबई के एक उपनगर और महानगर क्षेत्र में ठाणे शहर के एक हिस्से के बीच मंगलवार को पहली सीधी 'कनेक्टिविटी' स्थापित हो गई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई मेट्रो लाइन 9 और लाइन 2बी के पहले चरण का उद्घाटन किया, जो मुंबई में हार्बर लाइन पर पहली मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
ये सेवाएं पूर्वी उपनगरों में कनेक्टिविटी को बेहतर करेंगी।
दोनों मार्गों पर नियमित सेवाएं बुधवार से शुरू होने वाली हैं। इसके साथ ही, देश की वित्तीय राजधानी में छह मेट्रो लाइन चालू हो जाएंगी।
लाइन 9 दहिसर पूर्व से काशीगांव तक है, जबकि लाइन 2बी मंडले से चेम्बूर तक परिचालित होती है।
फडणवीस ने पहले दहिसर पूर्व से एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण का उद्घाटन किया तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक और मुंबई की महापौर रितु तावड़े के साथ काशीगांव तक यात्रा की। यह लाइन दहिसर के उत्तरी उपनगर को ठाणे जिले में पड़ोसी मीरा भायंदर से जोड़ती है।
फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में एक सुगम और सुलभ परिवहन प्रणाली विकसित की जा रही है, जिसमें मेट्रो, ई-बसें और जल परिवहन को एकीकृत किया जा रहा है ताकि यह शहर देश का सबसे सुलभ शहर बन सके।
उन्होंने कहा कि 100 किलोमीटर से अधिक परिचालन मेट्रो लाइन के साथ मुंबई अब मेट्रो नेटवर्क के मामले में दिल्ली के बाद देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि शेष अधिकांश परियोजनाएं अगले दो वर्षों में पूरी हो जाएंगी।
मुंबई में अब चालू हालत में छह मेट्रो कॉरिडोर हैं, जिनमें मेट्रो लाइन 1 (घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा), लाइन 2ए (अंधेरी पश्चिम-दहिसर पूर्व), लाइन 7 (दहिसर पूर्व और अंधेरी पूर्व) और लाइन 3 (जिसे एक्वा लाइन के नाम से जाना जाता है) (कोलाबा-बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स-एसईईपीजेड) शामिल हैं।
मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण में 5.6 किमी लंबा एलिवेटेड खंड है, जिसमें चार स्टेशन हैं - दहिसर पूर्व, पांडुरंगवाड़ी, मीरागांव और काशीगांव।