Meteorological Department issues 'Orange Alert' for hilly districts of Uttarakhand
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों, खासकर पहाड़ी जिलों में वर्षा और प्रतिकूल मौसम की संभावना व्यक्त करते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है ।
देहरादून मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान प्रदेश में कहीं—कहीं बिजली गिरने, ओले पड़ने, तेज से बहुत तेज बारिश और 40—50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं के साथ आंधी आने की आशंका है ।
पूर्वानुमान में कहा गया है कि राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40—50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति वाली झोंकेदार हवाएं चलने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है ।
राज्य के शेष जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए निगरानी रखने की सलाह दी गयी है ।
मौसम की भविष्यवाणी को देखते हुए राज्य सरकार ने चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है ।
गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से आग्रह किया है कि खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और अगर संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुविधाजनक रहेगा ।
उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को भी कहा ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे।