आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से आग्रह किया कि वह नेताओं और पर्यावरणविदों की एक टीम गठित करें, जो अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के पास निर्माण स्थल का दौरा कर वहां स्थिति का आकलन करे।
महबूबा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा मार्ग और शेषनाग झील के आसपास के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा की जानी चाहिए, ताकि पवित्र गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला बर्फ का शिवलिंग हर साल बनता रहे।
महबूबा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को तथ्यों का पता लगाने के लिए एक टीम गठित करनी चाहिए, जिसमें पर्यावरणविद और नेता शामिल हों। यह टीम शेषनाग में जमीनी स्थिति का आकलन करे।’’
यह पूछे जाने पर कि यदि निर्माण कार्य नहीं रुकता है तो क्या वह कानूनी मंचों का रुख करेंगी, इस पर जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को पहले उन्हें स्थल का दौरा करने की अनुमति देनी चाहिए।