ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संकट के आरोपों को लेकर चौहान का रमेश पर पलटवार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
Chauhan hits back at Ramesh over allegations of economic crisis in rural areas
Chauhan hits back at Ramesh over allegations of economic crisis in rural areas

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संकट के आरोपों को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता जयराम रमेश पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘‘किसान परेशान नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस परेशान है।’’
 
इससे पहले दिन में कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा था कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण भारत पर पड़ रहा है।
 
उन्होंने सवाल किया था कि खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन की बढ़ती लागत का सामना किसान या खेतिहर मजदूर का परिवार कैसे कर सकता है।
 
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि मनरेगा को कमजोर किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की असुरक्षा बढ़ गई है।
 
कृषि आंकड़ों पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सवालों का जवाब देते हुए चौहान ने इन आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
 
चौहान ने इसके लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और कम ब्याज पर दिए जाने वाले कृषि ऋण का उल्लेख किया।