ओडिशा के एक गांव में ‘सरकारी जमीन’ पर बने चर्च में तोड़फोड़, शांति समिति का गठन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
Church built on 'government land' demolished in Odisha village, peace committee formed
Church built on 'government land' demolished in Odisha village, peace committee formed

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ओडिशा के कोरापुट जिले के एक गांव के निवासियों ने कथित तौर पर सरकारी जमीन पर एक चर्च-एवं-प्रार्थना कक्ष के निर्माण का विरोध किया और उस ढांचे में तोड़फोड़ की। इसके बाद, इलाके में सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन ने एक शांति समिति का गठन किया है।
 
यह घटना कोटपाड प्रखंड के अंतर्गत आने वाले पात्रागुडा गांव में हुई, जहां आदिवासी लोगों ने चर्च के निर्माण पर आपत्ति जताई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसके बाद जिला प्रशासन की एक टीम मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया, जिसने यह ढांचा बनवाया था।
 
यह घटना तब सामने आई जब आदिवासी गांव के इकलौते ईसाई परिवार के सदस्य दुर्योधन हरिजन ने 21 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों के एक समूह ने बीरशेबा पेंटेकोस्टल चर्च में तोड़फोड़ की है।
 
अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों पर ‘सलीब’ और प्रार्थना कक्ष के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
 
कोटपाड के तहसीलदार परशुराम भात्रा ने कहा, “ग्रामीणों का आरोप था कि चर्च सरकारी जमीन पर बनाया गया था, जो सामुदायिक उपयोग के लिए थी, न कि किसी एक परिवार के लिए। वह व्यक्ति उस जगह पर अपना मालिकाना हक साबित करने के लिए जमीन से जुड़ा कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कारण बताओ नोटिस का जवाब न दे पाने के कारण उसने उस ढांचे को गिरा दिया।”