आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महिलाओं के कथित यौन शोषण के मामलों में महाराष्ट्र पुलिस द्वारा वांछित एक व्यक्ति को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समन्वय से चलाए गए अभियान के तहत शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत प्रत्यर्पित किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सीबीआई प्रवक्ता बीना यादव ने एक बयान में कहा कि फरार आरोपी मोहम्मद माजिन के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी किया गया था। वह एक ऐसे मामले में वांछित था, जिसमें उसने कथित तौर पर पीड़िता को शादी का झूठा वादा करके अपने जाल में फंसाया, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और धोखाधड़ी से 18 लाख रुपये की वसूली करने सहित उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया।
यादव ने कहा, “सक्षम अदालत में पहले ही आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। जांच में यह भी पता चला कि उसने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं का भी शोषण किया, उनसे पैसे लिए और अंतरंग कृत्यों के वीडियो बनाए। इसके बाद आरोपी विदेश फरार हो गया।’’
सीबीआई ने महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल के माध्यम से माजिन के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था।
प्रवक्ता ने बताया, ‘‘यूएई के अधिकारियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई के अधिकारियों ने उसे भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी। महाराष्ट्र पुलिस का एक दल यूएई गया, जहां आरोपी को उसे सौंप दिया गया। आरोपी को लेकर पुलिस दल शुक्रवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा।’’