गाजा में इजराइली कार्रवाई के बारे में झूठ फैलाकर ममदानी यहूदियों को खतरे में डाल रहे:नेतन्याहू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-09-2026
Mamdani endangering Jews by spreading lies about Israeli actions in Gaza: Netanyahu
Mamdani endangering Jews by spreading lies about Israeli actions in Gaza: Netanyahu

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने न्यूयार्क के महापौर जोहरान ममदानी पर आरोप लगाया कि वह गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई की आलोचना करके तथा उनके देश के बारे में झूठ फैलाकर यहां रहने वाले यहूदियों को खतरे में डाल रहे हैं।

नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन के दौरान ममदानी को “न्यूयॉर्क का यहूदी विरोधी महापौर” करार दिया।
 
नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के एक हिस्से में उस व्यक्ति पर निशाना साधा, जिसने धमकी दी थी कि अगर वह यहां आते हैं उन्हें गिरफ्तार करवा दिया जाएगा।
 
इजराइल के प्रधानमंत्री ने ममदानी का नाम लेते हुये अपने संबोधन में कहा, ‘‘ममदानी, जब से आप इस शहर के महापौर निर्वाचित हुये हैं, तब से कई यहूदी न्यूयॉर्क में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते। वे मुझसे बात करते हैं, वे मुझसे कहते हैं कि यह वह शहर नहीं है जिसे हम याद करते हैं, यह बहुत जल्दी बदल गया।”
 
यह नेतन्याहू और न्यूयार्क शहर के पहले मुस्लिम महापौर के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप की ताजा कड़ी है। ममदानी लंबे समय से गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई के मुखर आलोचक रहे हैं। वह नेतन्याहू को “युद्ध अपराधी” बता चुके हैं, जो “फलस्तीनियों के खिलाफ भयावह नरसंहार के वास्तुकार” हैं।
 
ममदानी ने कहा है कि इजराइल की आलोचना करना और फलस्तीनी अधिकारों की वकालत करना यहूदी विरोधी भावना नहीं है।