Mahayuti vs MVA: Counting underway for five Maharashtra Legislative Council seats
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीट के लिए मंगलवार को मतगणना जारी है जिसमें मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) के बीच है।
अधिकारियों के अनुसार, पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें 72.96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
इन निर्वाचन क्षेत्रों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है जिसके कारण यहां चुनाव कराना आवश्यक था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के महायुति गठबंधन तथा विपक्षी दल कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) के महा विकास आघाडी (एमवीए) ने सभी पांच सीट पर चुनाव लड़ा।