आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच वहां स्थित आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के कार्यालय में पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर को पुलिसकर्मियों से तीखी बहस के बाद मंगलवार को हिरासत में ले लिया गया।
कबीर सुबह से ही अपने आवास और मतदान केंद्रों के पास सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर पुलिस पर निशाना साध रहे थे। परिवार के साथ मतदान करने के कुछ ही देर बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस बल के खिलाफ कबीर की लगातार टिप्पणियों के बाद पुलिस रेजीनगर में एजेयूपी कार्यालय पहुंची।
इस दौरान एजेयूपी प्रमुख और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। कबीर ने पुलिस पर ‘‘दलाली’’ का आरोप लगाया।
हालात हाथापाई तक पहुंच गए, जिसके बाद पुलिसकर्मी कबीर की कमीज पकड़कर उन्हें एक वाहन तक ले गए।
मंगलवार को मतदान शुरू होने के बाद से ही कबीर पुलिस के खिलाफ मुखर थे। अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए जाते समय भी उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।