आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में उल्कापिंड के टकराने से बनी लोनार झील को प्रतिष्ठित 'थर्ड 100 आईयूजीएस जियोलॉजिकल हेरिटेज साइट्स' की सूची में शामिल किया गया है। पत्र सूचना कार्यालय ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है।
बयान में कहा गया है कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की ओर से इस संबंध में भेजे गए प्रस्ताव को अंतरराष्ट्रीय भूवैज्ञानिक विज्ञान संघ (आईयूजीएस) ने स्वीकार किया है।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने बताया कि आईयूजीएस भूवैज्ञानिक विरासत स्थलों को उनके असाधारण वैज्ञानिक महत्व और भूवैज्ञानिक संरचनाओं, प्रक्रियाओं तथा खोजों के उत्कृष्ट उदाहरण होने के आधार पर मान्यता देता है। ये स्थल पृथ्वी और उसके इतिहास को समझने के लिहाज से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण स्थानों में शामिल हैं।
इसमें कहा गया है कि वर्ष 2022 से अब तक 90 देशों के 1,000 से अधिक विशेषज्ञों और 20 अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इस कार्यक्रम में योगदान दिया है। उन्होंने स्थलों के प्रस्ताव देने, चयन प्रक्रिया में भाग लेने और उनके वैज्ञानिक महत्व का मूल्यांकन करने में भूमिका निभाई।