आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के 358 में से 304 तालुकों में सूखे की स्थिति के बीच राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में पौधारोपण के रखरखाव के लिए 90.72 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसके साथ ही, धनराशि जारी करने के लिए कम से कम 90 प्रतिशत पौधों का बेहतर स्थिति में रहना अनिवार्य किया गया है।
राजस्व एवं वन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी शासनादेश (जीआर) के अनुसार, यह राशि वर्ष 2026-27 के लिए राज्य की एक योजना के तहत ‘पंचायत वन’, ‘बेल वन’ और ‘अमृत वन’ पौधारोपण के चौथे वर्ष के रखरखाव के लिए आवंटित की गई है।
यह राशि विभिन्न जिलों में 227 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले पौधारोपण के रखरखाव पर खर्च की जाएगी। सबसे अधिक 42.80 लाख रुपये पुणे वन मंडल के लिए आवंटित किए गए हैं। इसके बाद नागपुर के लिए 20.80 लाख रुपये और छत्रपति संभाजीनगर के लिए 20.76 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
शासनादेश में कहा गया है कि धनराशि केवल उन्हीं पौधारोपण स्थलों के लिए उपलब्ध होगी, जहां कम से कम 90 प्रतिशत पौधे बेहतर स्थिति में हैं। स्थानीय स्वयं सहायता समूह और जैव विविधता प्रबंधन समितियां पौधों के रखरखाव, सुरक्षा और देखभाल का काम करेंगी।