आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में रातभर हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह काले बादल छाए रहे और धुंध रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। राजधानी में चार साल में अक्टूबर का सबसे अधिक बारिश वाला दिन दर्ज किया गया, जबकि 2022 के बाद इस महीने में सबसे अधिक बारिश हुई।
मौसम में आए बदलाव से शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश तथा गरज के साथ तूफान आने की चेतावनी दी है।
मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में 61.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस महीने अब तक कुल 123.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
दिल्ली में इससे पहले अक्टूबर के किसी एक दिन सबसे अधिक बारिश नौ अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी, जब 74 मिलीमीटर बारिश हुई थी। उस साल अक्टूबर के पूरे महीने में शहर में कुल 128 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। और बारिश होने के आसार के बीच इस महीने बारिश का आंकड़ा इसके करीब पहुंच सकता है या इसे पार कर सकता है।