आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इटू ने शुक्रवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा काफिलों की आवाजाही के कारण बार-बार लगने वाले यातायात जाम को कम करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।
इटू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है, लेकिन लोगों का कल्याण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लिखा, ''श्रीनगर-अनंतनाग-कुलगाम-काजीगुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर अक्सर यात्रा के दौरान यह देखकर बहुत दुख होता है कि एंबुलेंस जाम में फंसी रहती हैं, छात्रों की कक्षाएं छूट जाती हैं और आम नागरिक काफिलों की आवाजाही के लिए 15 से 30 मिनट और कभी-कभी घंटों तक इंतजार करते हैं। आखिर हमारे लोगों ने ऐसा क्या अपराध किया है कि उन्हें इतनी मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं?''
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री इटू ने उपराज्यपाल सिन्हा और सुरक्षा प्रतिष्ठान से यातायात प्रबंधन के लिए ऐसे नियम बनाने का आग्रह किया, जिनमें आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा, ''मैं उपराज्यपाल और संबंधित अधिकारियों से आग्रह करती हूं कि वे ऐसे व्यावहारिक यातायात प्रबंधन उपायों पर विचार करें, जिनसे आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन भी हो और एंबुलेंस को बिना रुकावट रास्ता मिले तथा आम लोगों को कम से कम असुविधा हो।''