नई दिल्ली:
ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना शाजिद रशीदी ने दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर के ‘भगवान राम हर भारतीय के खून में हैं’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से समझ लेना चाहिए कि भगवान राम मुसलमानों के पूर्वज नहीं हैं और न ही मुसलमानों की भगवान राम में आस्था है।
मौलाना रशीदी ने जावेद अख्तर को कारोबारी बताते हुए कहा कि उनके गाने लोकप्रिय हैं और बड़ी संख्या में लोग उनकी फिल्में देखते तथा गाने सुनते हैं। उनके मुताबिक, जावेद अख्तर अपने व्यावसायिक हितों के कारण इस तरह के बयान देने के लिए मजबूर हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जावेद अख्तर आस्तिक भी नहीं हैं। उन्होंने सार्वजनिक मंचों पर खुद को नास्तिक बताया है और कहा है कि वह किसी ईश्वर, भगवान या खुदा में विश्वास नहीं करते। ऐसे में सवाल उठता है कि अचानक उनके मन में भगवान राम के प्रति आस्था कैसे पैदा हो गई?
रशीदी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर जावेद अख्तर को भगवान राम में आस्था हो गई है तो उन्हें ‘घर वापसी’ कर लेनी चाहिए और अपना नाम जावेद अख्तर से बदलकर राम गोपाल रख लेना चाहिए। इससे 80 प्रतिशत हिंदू उनसे खुश हो जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल उनसे कम लोग खुश हैं, लेकिन घर वापसी के बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ सकती है।
मौलाना रशीदी ने अंत में कहा कि अभिनेता और राजनेताओं के कोई स्थायी सिद्धांत या निष्ठाएं नहीं होतीं।