आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के करणदीप कोचर ने अंतिम दिन बोगीमुक्त चार अंडर 68 का स्कोर बनाया जिससे वह यहां 500,000 डॉलर इनामी आईजीपीएल भारत क्लासिक गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त नौवें स्थान पर रहे।
यह इस सत्र में तीसरा अवसर है जबकि कोचर ने इस सत्र में किसी टूर्नामेंट के शीर्ष 10 में जगह बनाई। चंडीगढ़ के इस गोल्फर ने अब एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में 12वां स्थान हासिल कर लिया है।
कोचर का कुल स्कोर 11 अंडर रहा, जबकि स्वीडन के चार्ली लिंध (69-70-67-64) ने 18 अंडर के स्कोर के साथ खिताब जीता।
भारत के अन्य खिलाड़ियों में गगनजीत भुल्लर (75-70-69-68) और यशस चंद्र (75-68-71-68) छह अंडर के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 27वें स्थान पर रहे।
राशिद खान (71), कार्तिक सिंह (71) और सचिन बैसोया (67) संयुक्त 41वें स्थान पर रहे।