झारखंड : सोरेन ने श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-07-2026
Jharkhand: Soren wishes the devotees visiting Baba Baidyanath Dham in the month of Shravan
Jharkhand: Soren wishes the devotees visiting Baba Baidyanath Dham in the month of Shravan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रावण मास में देश-विदेश से राज्य के बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बृहस्पतिवार को अपनी शुभकमानाएं दीं।

हर साल श्रावण मास में लाखों शिवभक्त देवघर आते हैं और बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए दुमका जिले स्थित बाबा बासुकीनाथ धाम भी पहुंचते हैं।
 
सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ पर समस्त लोगों एवं देश-विदेश से बाबा बैद्यनाथ धाम तथा बाबा बासुकीनाथ धाम पधारने वाले सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का झारखंड की पावन धरती पर हार्दिक स्वागत, अभिनंदन एवं जोहार।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘ बाबा भोलेनाथ आप सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें। आपकी श्रद्धा, आस्था और तपस्या सफल हो तथा यह पावन श्रावण मास आप सभी के लिए मंगलमय हो।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सभी श्रद्धालुओं से आग्रह है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अपनी यात्रा सुरक्षित एवं सुखद बनाएं।’’
 
राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को महीने भर चलने वाले श्रावणी मेले का उद्घाटन किया।
 
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा के कड़ी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ड्रोन, चेहरा पहचानने वाले कैमरे और 11,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किये गए हैं।
 
अधिकारी ने बताया कि 28 अगस्त को यह मेला समाप्त होगा और इसमें 35-40 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
 
उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर और उसके आसपास 1,200 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।