झारखंड मंत्री की बेटी समेत चार लोगों की सड़क हादसे में मौत, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-09-2026
Jharkhand minister's daughter and four others died in a road accident; Governor and Chief Minister expressed grief
Jharkhand minister's daughter and four others died in a road accident; Governor and Chief Minister expressed grief

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा समेत चार लोगों की बृहस्पतिवार तड़के तब मौत हो गई, जब उनकी कार जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव रोड पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 
सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है... अन्य मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।’’
 
पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर ने कहा कि कार में सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
 
मौके पर पता चला कि चार लेन वाले राजमार्ग पर डिवाइडर के पास दाईं ओर ट्रक खड़ा था और उसके पीछे पेड़ की एक छोटी शाखा रखी हुई थी। इससे संकेत मिलता है कि ट्रक खराब होने के बाद वहीं रुक गया था और उसे हटाया नहीं जा सका। हालांकि, सड़क पर कोई रिफ्लेक्टर संकेतक नहीं दिखे। ट्रक के पीछे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दी।
 
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया।
 
गंगवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी के असामयिक निधन की खबर बेहद हृदय विदारक और आत्मा को झकझोर देने वाली है।’’