Indian NCC cadets participated in the ‘Youth Exchange Programme’ in Singapore.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का एक दल सिंगापुर में ‘यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम’ में शामिल हुआ और इस दौरान दल के सदस्यों को सिंगापुर के बहुसांस्कृतिक समाज, राष्ट्रीय विकास और भारत तथा सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों को करीब से समझने का मौका मिला।
दो अधिकारियों और 10 कैडेट वाला यह दल 30 अगस्त से पांच सितंबर तक यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम (वाईईपी) 2026 के तहत सिंगापुर में रहा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच अंतरराष्ट्रीय समझ, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, मित्रता और नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देना था।
सिंगापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत, सिंगापुर, ब्रुनेई और हांगकांग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिसमें सभी कैडेट को अपने समकक्षों के साथ बातचीत करने तथा विभिन्न संस्कृतियों, जीवनशैली और सामाजिक मूल्यों को समझने का अवसर मिला।
‘सिंगापुर डिस्कवरी सेंटर’ की यात्रा के दौरान कैडेट ने वहां के इतिहास, राष्ट्रीय पहचान, विकास और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की। ‘रैफल्स प्लेस’ और ‘मरीना बे’ की यात्राओं से उन्हें सिंगापुर के आधुनिक उन्नयन को करीब से देखने का अवसर मिला।
इन कैडेट ने कम्पोंग ग्लैम, बुगिस स्ट्रीट, चाइनाटाउन, लिटिल इंडिया और ऑर्चर्ड रोड जैसे प्रमुख इलाकों का भी दौरा किया। इन यात्राओं के माध्यम से उन्होंने सिंगापुर की बहुसांस्कृतिक पहचान और विभिन्न समुदायों के आपसी सह-अस्तित्व को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया।