India ready to share its proven counter-terrorism expertise with ASEAN countries: Rajnath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आसियान और उसके संवाद साझेदार देशों के साथ भारत अपनी ऐसी आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञता साझा करने के लिए तैयार है, जिन्हें वास्तविक अभियानों में परखा जा चुका है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
राजनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर को किसी देश द्वारा प्रायोजित आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ भारत के स्पष्ट रुख की घोषणा बताया।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत ऐसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र का समर्थन करता है, जो सुरक्षित और संकटों का सामना करने में सक्षम हो। ऐसा क्षेत्र, जहां शांति और स्थिरता केवल आकांक्षाएं न हों, बल्कि सामूहिक प्रयासों का परिणाम हों।
फिलीपीन के सेबू शहर में आसियान के सदस्य देशों और उसके संवाद साझेदार देशों के रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कुछ समुद्री व्यापार मार्गों में आ रही बाधाओं पर चिंता जताई। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र और व्यापक हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक भरोसेमंद सुरक्षा प्रदाता के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।