India being a mature democracy is capable of handling the current global situation: Scindia
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकतंत्र की परिपक्वता, कूटनीति, विविधीकरण एवं निर्णायक कदम के दम पर भारत मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम रहा है।
एआईएमए के एक कार्यक्रम में सिंधिया ने कहा कि भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर भारत के तटों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ मौजूदा अस्थिरता ने वैश्विक व्यवस्था को झटके लगे हैं। इन झटकों ने आपूर्ति श्रृंखलाओं को प्रभावित किया है और भू-राजनीतिक तनाव बढ़ाया है। साथ ही ऊर्जा बाजार भी बुनियादी रूप से प्रभावित हुए हैं। ऐसे माहौल में, जहां ऊर्जा हमारी रीढ़ है, भारत इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने में सक्षम रहा है।’’
मंत्री ने कहा कि पिछले चार सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक संगठित व्यवस्था तैयार की है, जिससे कठिन चुनौतियों का सामना किया जा सके और उन्हें अवसरों में बदला जा सके।
सिंधिया ने कहा, ‘‘ आज भारत कई देशों के साथ संवाद स्थापित करने में सक्षम हुआ है। हमारे भारतीय जहाज आज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते हुए भारत के तटों तक पहुंच रहे हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश के सभी वर्ग इस अस्थिरता से सुरक्षित रहें। यह हमारे लोकतंत्र की परिपक्वता, कूटनीति, विविधीकरण और निर्णायक क्रियान्वयन को दर्शाता है।’’