नई दिल्ली।
भारत और फ्रांस ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ आपसी सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद, हिंसक उग्रवाद, आतंकवादी वित्तपोषण और ऑनलाइन कट्टरपंथ को रोकने के साथ-साथ उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले सुरक्षा खतरों से निपटने पर भी सहमति जताई।
नई दिल्ली में आयोजित भारत-फ्रांस संयुक्त कार्य समूह की आतंकवाद निरोधक मामलों पर 18वीं बैठक में दोनों देशों ने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और नवंबर 2025 में नई दिल्ली के लाल किले के निकट हुई आतंकी घटना की कड़ी निंदा की।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संयुक्त कार्य समूह की यह बैठक 20 नवंबर को हुई। इसकी सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में आतंकवाद निरोधक मामलों के अतिरिक्त सचिव डॉ. सुहेल एजाज खान और आतंकवाद तथा संगठित अपराध मामलों के लिए फ्रांस के विशेष दूत एवं राजदूत-एट-लार्ज ओलिवियर कैरॉन ने की।
बैठक में दोनों पक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों और वैश्विक स्तर पर आतंकवाद से जुड़े खतरों का आकलन साझा किया। इस दौरान राज्य प्रायोजित आतंकवाद और सीमा पार आतंकवाद से उत्पन्न चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।
दोनों देशों ने आतंकवाद से निपटने की पारंपरिक चुनौतियों के साथ-साथ नई और उभरती तकनीकों तथा वित्तीय प्रौद्योगिकी के आतंकवादी संगठनों द्वारा दुरुपयोग पर भी विचार-विमर्श किया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल को भारत की व्यापक राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक नीति और रणनीति ‘प्रहार’ (PRAHAAR) के बारे में जानकारी दी।
आतंकवाद के वित्तपोषण और ऑनलाइन कट्टरपंथ पर सहयोग
बैठक में आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक लगाने, ऑनलाइन कट्टरपंथ का मुकाबला करने, सूचनाओं के आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने अपने अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करने पर भी सहमति जताई।
भारत और फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र, वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) और ‘नो मनी फॉर टेरर’ (एनएमएफटी) पहल सहित बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
बैठक के अंत में दोनों देशों ने संयुक्त कार्य समूह की 19वीं बैठक फ्रांस में आपसी सहमति से तय तारीख पर आयोजित करने का निर्णय लिया।विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक से आतंकवाद के खिलाफ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय प्रयासों को मजबूत करने तथा बदलती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए भारत और फ्रांस की साझा प्रतिबद्धता फिर स्पष्ट हुई।