अरुणाचल प्रदेश पहुंचे अमित शाह, पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति का प्रतिष्ठित सम्मान

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
Amit Shah arrives in Arunachal Pradesh; police to receive the President’s prestigious honour
Amit Shah arrives in Arunachal Pradesh; police to receive the President’s prestigious honour

 

ईटानगर।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश पहुंचे। इस दौरान वह अरुणाचल प्रदेश पुलिस को प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान करने के समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और कई आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

अमित शाह होलोंगी स्थित डोनी पोलो हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पेमा खांडू और राज्य के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

अपने दौरे की जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस को जनता और देश के प्रति उसकी समर्पित सेवा के सम्मान में प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने लिखा, “कल राज्य के लिए एक बड़ा दिन है, क्योंकि अरुणाचल प्रदेश पुलिस को जनता और देश के प्रति उसकी समर्पित सेवा के सम्मान में प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया जाएगा।”

शाह ने यह भी बताया कि अगले दिन वह सहकारिता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के परिसर का उद्घाटन करेंगे।

21 नवंबर को पुलिस सम्मान समारोह और विकास परियोजनाओं की समीक्षा

21 नवंबर को सुबह 10 बजे अमित शाह ईटानगर के बांदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी के परेड ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान करने के समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम आयोजित होगा।

दोपहर 2:30 बजे वह ईटानगर स्थित लोक भवन में राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे केंद्रीय गृह मंत्रालय और अरुणाचल प्रदेश सरकार से जुड़े विषयों पर एक अन्य बैठक होगी।

22 नवंबर को सहकारिता विजन दस्तावेज का करेंगे अनावरण

22 नवंबर को सुबह 10:30 बजे अमित शाह ईटानगर के दोरजी खांडू राज्य कन्वेंशन सेंटर में अरुणाचल प्रदेश सहकारिता विजन दस्तावेज-2047 का अनावरण करेंगे। इस दौरान वह सहकारिता पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे और सरस मेले का उद्घाटन भी करेंगे।

इसी दिन दोपहर 3:45 बजे वह होलोंगी, ईटानगर में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे।

दिल्ली में आतंकवाद निरोधक सम्मेलन को किया था संबोधित

अरुणाचल प्रदेश दौरे से पहले अमित शाह ने 19 नवंबर को नई दिल्ली में ‘सीमा पार आतंकवाद’ विषय पर आयोजित आतंकवाद निरोधक सम्मेलन-2026 को संबोधित किया था। गृह मंत्री ने सम्मेलन के दो दिवसीय छठे संस्करण का उद्घाटन किया और अधिकारियों को संबोधित किया।

गृह मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में पिछले वर्ष की बैठक में बनी सहमति और की गई सिफारिशों पर हुई प्रगति की समीक्षा की जानी थी।

सम्मेलन में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बंदी संजय कुमार, केंद्रीय गृह सचिव, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के सचिव, एनआईए के महानिदेशक और अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी।

इसके अलावा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आतंकवाद निरोधक मामलों से जुड़े केंद्रीय एजेंसियों और विभागों के प्रतिनिधि तथा कानून, फॉरेंसिक और प्रौद्योगिकी के विशेषज्ञ भी सम्मेलन में भाग लेने वाले थे।