‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक शुरू, भाजपा से मुकाबले की रणनीति पर होगी चर्चा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-06-2026
'India' alliance meeting begins, strategy to counter BJP to be discussed
'India' alliance meeting begins, strategy to counter BJP to be discussed

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के घटक दलों की बैठक सोमवार को शुरू हो गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने और एकजुट होकर आगे बढ़ने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
 
राष्ट्रीय राजधानी के 'कॉन्स्टीट्यूशन क्लब' में हो रही इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) समेत 20 से अधिक दलों के प्रमुख नेता भाग ले रहे हैं।
 
शिवसेना (उबाठा) के उद्धव ठाकरे इस बैठक में डिजिटल माध्यम से जुड़े हैं।
 
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को कहा था कि 23 राजनीतिक दलों ने 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) की बैठक में भागीदारी की पुष्टि की है ।
 
रमेश ने कहा था कि कुछ राजनीतिक दलों ने अपने-अपने कारणों से इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।
 
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और आम आदमी पार्टी (आप) बैठक में शामिल नहीं हैं।
 
'आप' पहले ही सार्वजनिक रूप से इस गठबंधन से दूरी बना चुकी है जबकि द्रमुक ने तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा उससे संबंध तोड़कर टीवीके-नीत सरकार में शामिल होने के बाद बैठक का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
 
गठबंधन भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करेगा और राज्यों के आगामी चुनावों तथा 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय मुद्दों पर मोदी सरकार का मुकाबला करने के लिए एकजुट मोर्चा के रूप में खुद को पेश करने का प्रयास करेगा।
 
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हालिया हार ने भी विपक्षी गठबंधन को देश में भाजपा के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने को मजबूर किया है।
 
इससे पहले, इंडिया गठबंधन की आधिकारिक बैठक जून, 2024 में हुई थी।