In Bengal, bombs are used, not law: Finance Minister Sitharaman attacks Trinamool
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लोकसभा में बुधवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि ‘‘बंगाल में बम चलता है, कानून नहीं।’’
सदन में विपक्षी सदस्यों के शोर-गुल के बीच, उन्होंने राज्य में महिलाओं के साथ हुई कुछ हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि तृणमूल सरकार कानून-व्यवस्था को बेहतर करने के बजाय दोष महिलाओं पर मढ़ रही है।
वित्त मंत्री केंद्रीय बजट पर सदन में हुई चर्चा का जवाब दे रही थीं। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘माननीय मुख्यमंत्री एक महिला होते हुए भी बोल रही हैं कि अगर महिला, विशेष रूप से लड़की हो तो रात्रि के समय बाहर नहीं जाओ। आप कानून-व्यवस्था को बेहतर नहीं कर रहे हैं, मगर महिला के उपर दोष डालते जा रहे हैं।’’
उन्होंने राज्य के दुर्गापुर में एक एमबीबीएस छात्रा के साथ अक्टूबर 2025 में हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए यह बात कही।
सीतारमण ने आश्चर्य जताते हुए कहा, ‘‘हमारे एक सांसद का कहना है कि यदि कोई मित्र दुष्कर्म करता है तो दूसरा व्यक्ति इस पर क्या कर सकता है...?’’
उन्होंने नदिया जिले के कालीगंज में जून 2025 में हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत के बाद विजय रैली में विस्फोट में एक बच्ची की जान चली जाने की घटना के संदर्भ में कहा कि इस मामले में तृणमूल कांग्रेस का एक नेता गिरफ्तार हुआ था।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘बंगाल में बम चलता है कानून नहीं।’’