8,710 agricultural cooperative societies have been established so far, 27 percent of the target has been achieved: Amit Shah
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि 2024-25 और 2025-26 के दौरान 32,752 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (पैक्स) गठित करने का लक्ष्य रखा गया था और अब तक 8,710 पैक्स स्थापित की गई हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 27 प्रतिशत है।
शाह ने एक सवाल के लिखित जवाब में उच्च सदन को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान 32,752 पैक्स गठित करने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि अब तक कुल 8,710 पैक्स गठित की गई हैं, जो उक्त दो साल की अवधि के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 27 प्रतिशत की उपलब्धि दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान सबसे अधिक पैक्स ओडिशा में (1,543) स्थापित किए गए। उसके बाद राजस्थान (1,387), उत्तर प्रदेश (1,099), मध्यप्रदेश (621) और उत्तराखंड (621) का स्थान रहा। गुजरात में 525 पैक्स, असम और छत्तीसगढ़ में 469-469, महाराष्ट्र में 149 और हिमाचल प्रदेश में 116 पैक्स स्थापित किए गए।
उन्होंने बताया कि अल्पकालिक ऋण और बुनियादी कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के अलावा, पैक्स अब गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों और कीटनाशकों के वितरण के लिए प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों (पीएमकेएसके) के रूप में भी कार्य करते हैं। इसके अलावा पैक्स भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (बीबीएसएसएल) के माध्यम से ‘भारत बीज’ ब्रांड के तहत बीज उत्पादन और वितरण में भाग लेते हैं और डेयरी एवं मत्स्य पालन जैसे संबद्ध क्षेत्रों को सहायता प्रदान करते हैं।