उचित समस्या लेकर दूसरी बार आए फरियादी तो जवाबदेही तय होगी: आदित्यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-10-2026
If the complainant comes for the second time with a genuine problem
If the complainant comes for the second time with a genuine problem

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में दूरदराज से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासन हर उचित समस्या का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि कोई पीड़ित एक ही समस्या को लेकर दूसरी बार आता है और उसकी शिकायत वास्तविक पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
 
एक बयान के मुताबिक, आदित्यनाथ ने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है। यदि समस्या वास्तविक है और समय से उसका निस्तारण नहीं हो पाया तो यह अक्षम्य है।
 
मुख्यमंत्री ने ‘जनता दर्शन’ में पहुंचे लोगों तक स्वयं जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान देते हुए उसका समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।
 
कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी दबंग ने गरीब की जमीन पर कब्जा किया है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जमीन को अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त कराया जाए और कब्जा करने वालों को कड़ा कानूनी सबक सिखाया जाए।