If the CEC allowed election rigging, it is 'treason': Congress MP Priyanka Gandhi Vadra
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को कहा कि अगर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को चुनावों में धांधली की जानकारी थी और उन्होंने इसे होने दिया, तो यह ‘‘देश के साथ विश्वासघात’’ और ‘‘देशद्रोह का कृत्य’’ है।
यहां नीलांबुर में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका ने कहा कि उनके भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार भारत निर्वाचन आयोग के माध्यम से हो रहे ‘‘पक्षपात और अन्याय’’ का मुद्दा उठाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बार-बार कई मुद्दों को उठाया है और अब यह भी खबरों में आ रहा है कि निर्वाचन आयुक्तों ने स्वयं मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के समक्ष कुछ मुद्दे उठाए हैं।
प्रियंका ने कहा, ‘‘इसलिए मुझे लगता है कि यह हमारे लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर मुद्दा है, क्योंकि अगर चुनाव ही नहीं होंगे तो लोकतंत्र कहां रहेगा? अगर चुनाव निष्पक्ष नहीं हैं और किसी भी तरह से उनमें धांधली की जा रही है तथा भारत निर्वाचन आयोग इसमें मदद कर रहा है और निर्वाचन आयुक्त न केवल इससे अवगत हैं, बल्कि इसे होने भी दे रहे हैं, तो यह लोकतंत्र पर बेहद गंभीर हमला है। यह वास्तव में देश के साथ विश्वासघात है। यह देशद्रोह का कृत्य है।’’