आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गयी, जो वायु सेना में सेवा देने के बाद भाजपा नेता के सहयोगी बने।
भारतीय वायु सेना में सेवा देने से लेकर बंगाल में निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु के सबसे भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगियों में से एक बनने वाले चंद्रनाथ का भाजपा नेता से दो दशक से अधिक पुराना नाता रहा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 41 वर्षीय चंद्रनाथ मूल रूप से पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर के रहने वाले थे। पूर्वी मेदिनीपुर, बंगाल की राजनीति में शुभेंदु के उदय का मुख्य केंद्र रहा है।
शांत स्वभाव और जमीनी स्तर से जुड़े चंद्रनाथ वर्षों तक अधिकारी के करीबी लोगों में शामिल होने के बावजूद लोगों की नजरों से काफी हद तक दूर रहे।
चंद्रनाथ ने सक्रिय राजनीतिक में प्रवेश से पहले राहारा रामकृष्ण मिशन से अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद भारतीय वायु सेना में लगभग दो दशक सेवा की।
परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि उन्होंने (चंद्रनाथ ने) एक बार आध्यात्मिक जीवन अपनाने पर विचार किया था और छात्र जीवन के दौरान रामकृष्ण मिशन के आदर्शों से गहरे प्रभावित हुए थे।