आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता से बारिश का दौर जारी है जहां शनिवार सुबह तक के 24 घंटों के दौरान कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
इसके अनुसार बालोतरा जिले के पचपदरा में सबसे ज्यादा आठ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई इसके बाद डूंगरपुर में सात सेंटीमीटर बारिश हुई। डूंगरपुर के धंबोला और बालोतरा में 6-6 सेंटीमीटर बाररिश हुई।
इसी तरह बांसवाड़ा, पिंडवाड़ा (सिरोही), अरनोद (प्रतापगढ़), वल्लभनगर (उदयपुर), आबू रोड (सिरोही), सिवाना (बाड़मेर) और भीनमाल (जालोर) में 5-5 सेमी. बारिश दर्ज की गई जबकि घाटोल (बांसवाड़ा) और माउंट आबू में चार—चार सेमी. बारिश हुई। विभाग के अनुसार बाकी जगहों पर बारिश चार सेमी. से कम रही।
विभाग ने अगले तीन दिनों तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है, साथ ही कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इसने बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सलूंबर और उदयपुर जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।