हाथरस में युवक ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या की, कोतवाली प्रभारी समेत दो निलंबित

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-04-2026
Hathras: Youth commits suicide in police custody, police station in-charge and two others suspended
Hathras: Youth commits suicide in police custody, police station in-charge and two others suspended

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली परिसर के शौचालय में एक युवक ने फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
 
पुलिस अधीक्षक (एसपी) चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि इस मामले में कोतवाली प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात आरक्षी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को निलंबित कर दिया गया है।
 
पुलिस के अनुसार, चंदपा थाना क्षेत्र की एक 16 साल की नाबालिग किशोरी 15 अप्रैल को लापता हो गई थी। आरोप है कि गाजियाबाद के लोनी का निवासी चंद्रपाल (28) उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में किशोरी के पिता ने 18 अप्रैल को चंदपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी।
 
पुलिस ने 23 अप्रैल को लोनी से किशोरी को सकुशल बरामद किया और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर चंदपा थाने ले आई। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। यहां बृहस्पतिवार देर रात थाने के अंदर ही युवक शौचालय गया था, जहां उसने फांसी लगा ली। जानकारी मिलने पर उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 
युवक के फांसी लगाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
 
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि चंदपा कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रख दिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।