सरकार इंफाल को जोड़ने वाली रेल परियोजना समय पर पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-03-2026
Government committed to timely completion of Imphal rail project: CM
Government committed to timely completion of Imphal rail project: CM

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य की राजधानी को पूरे देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली रेलवे परियोजना को समय पर पूरा करने में हर जरूरी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
इंफाल को असम के कछार जिले की सीमा से सटे जिरीबाम कस्बे से जोड़ने वाली यह 111 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन 22,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है। इस परियोजना के 2028 तक पूरी तरह चालू होने की उम्मीद है।
 
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी, शुक्रवार रात मुख्यमंत्री सचिवालय में पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक (निर्माण, मालीगांव) आशीष बंसल और अन्य अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद आई है।
 
बैठक के विवरण को 'फेसबुक' पर साझा करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘प्रतिनिधिमंडल ने मुझे इंफाल को जोड़ने वाली रेलवे लाइन के निर्माण की प्रगति के बारे में अवगत कराया।’’
 
सिंह ने कहा कि इस रेलवे लाइन के चालू होने से मणिपुर के परिवहन ढांचे को काफी मजबूती मिलेगी, संपर्क बेहतर होगा और आपूर्ति श्रृंखला अधिक प्रभावी तथा सुरक्षित बनेगी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार मणिपुर की प्रगति और समृद्धि के लिए इस महत्वपूर्ण परियोजना को समय पर पूरा करने में हर जरूरी सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’