Google announces new built-in AI features for Chrome in India, will work in eight Indian languages
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गूगल ने भारत में उपयोगकर्ताओं के लिए ‘गूगल क्रोम’ में अंतर्निहित कृत्रिम मेधा (एआई) सुविधाओं को जोड़ने की बुधवार को घोषणा की।
कंपनी ने कहा कि इससे इंटरनेट पर खोज का अनुभव उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सहज, सुरक्षित एवं उपयोगी बनेगा। ये 50 से अधिक भाषाओं में उपलब्ध होंगी जिनमें हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तेलुगु और तमिल जैसी भारतीय भाषाएं भी शामिल हैं।
कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा, ‘‘ गूगल आज क्रोम की कई नवीनतम कृत्रिम मेधा सुविधाओं (जिनमें क्रोम में जेमिनी भी शामिल है) को भारत के उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराने की घोषणा करता है।’’
इसमें कहा गया कि ये सुविधाएं कंपनी के नवीनतम जेमिनी 3.1 मॉडल पर आधारित हैं। इनका उद्देश्य लोगों को जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से खोजने और समझने में सहायता देना है। ये सुविधाएं पहले डेस्कटॉप और आईओएस पर उपलब्ध होंगी।