18 foreign nationals stopped from entering India in Assam: Chief Minister Himanta
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में घुसपैठ के खिलाफ जारी अभियान के तहत 18 विदेशी नागरिकों को भारत में प्रवेश करने से रोका गया है।
शर्मा ने बुधवार रात सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "असम की सुरक्षा और पहचान को कमजोर करने के लिए घुसपैठ की अनुमति नहीं दी जाएगी। हमारी निरंतर कार्रवाई के तहत इन 18 घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।"
हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह जानकारी साझा नहीं की कि इन लोगों को किस स्थान से पकड़ा गया और वे किस देश के नागरिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारी कड़ी निगरानी और कार्रवाई चौबीसों घंटे जारी है।"
असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं।
बांग्लादेश में 2024 में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद असम पुलिस ने कहा था कि राज्य पुलिस बल पड़ोसी देश से भारत में अवैध प्रवेश रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर कानून के तहत सभी आवश्यक कदम उठाएगा।