एमिली ब्लंट और स्टैनली टुची हॉलीवुड 'वॉक ऑफ फेम' में शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-05-2026
Emily Blunt and Stanley Tucci inducted into the Hollywood Walk of Fame
Emily Blunt and Stanley Tucci inducted into the Hollywood Walk of Fame

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
मशहूर अभिनेता स्टैनली टुची और अभिनेत्री एमिली ब्लंट को मनोरंजन जगत के प्रतिष्ठित सम्मान 'हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम' से नवाजा गया है। बृहस्पतिवार को अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर के हॉलीवुड इलाके में आयोजित एक समारोह के दौरान यहां की एक ऐतिहासिक सड़क के फुटपाथ पर दोनों कलाकारों के नाम के 'सितारे' जड़े गए।
 
'हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम' दरअसल यहां की एक ऐसी मशहूर सड़क है, जिसके किनारे पैदल चलने वाले रास्ते (फुटपाथ) पर दुनिया के महान कलाकारों के नाम के सितारे जमीन में स्थायी रूप से लगाए जाते हैं। यह सम्मान फिल्मों, टीवी, संगीत या थिएटर में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलता है। पिछले कई वर्षों के दौरान हैरिसन फोर्ड, मर्लिन मुनरो, माइकल जैक्सन, टॉम हैंक्स और ड्वेन जॉनसन जैसी कई नामचीन हस्तियों के नाम के सितारे भी जड़े जा चुके हैं।"
 
फिल्म 'द डेविल वेयर्स प्राडा 2' में हाल ही में साथ काम करने वाले इन दोनों कलाकारों को बृहस्पतिवार को लॉस एंजिलिस में सम्मानित किया गया। गोल्डन ग्लोब और ब्रिटिश अकादमी फिल्म एवं टीवी अवार्ड (बाफ्टा) जैसे पुरस्कार जीत चुकीं एमिली ब्लंट को 2,841वां सितारा दिया गया, वहीं 100 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके स्टैनली टुची को 2,842वां सितारा मिला। ये सितारे हॉलीवुड बुलेवार्ड के दक्षिणी हिस्से में स्थित हैं। हॉलीवुड बुलेवार्ड लॉस एंजिलिस की सबसे प्रसिद्ध सड़कों में से एक है, जो दुनिया भर में मनोरंजन और फिल्म उद्योग के प्रतीक के रूप में जानी जाती है।
 
इस समारोह में ब्लंट के पति व अभिनेता जॉन क्रैसिंस्की के अलावा मेरिल स्ट्रीप, ड्वेन जॉनसन, मैट डैमन और रॉबर्ट डाउनी जूनियर जैसी कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं।