आवेदन के 30 दिनों के भीतर पात्र परिवारों को मिलेगा नया राशन कार्ड : सम्राट चौधरी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-11-2026
Eligible families will get new ration cards within 30 days of application: Samrat Chaudhary
Eligible families will get new ration cards within 30 days of application: Samrat Chaudhary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में राशन कार्ड से वंचित सभी पात्र परिवारों को आवेदन करने के 30 दिनों के भीतर नया राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को एक करोड़ नए लोगों को राशन कार्ड प्रणाली से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके तहत अब तक लगभग 24 लाख लोगों को जोड़ा जा चुका है।
 
मुख्यमंत्री ने पटना के ज्ञान भवन में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से आयोजित नवनिर्गत राशन कार्ड एवं उचित मूल्य की दुकानों के अनुज्ञप्ति पत्र (परमिट) वितरण समारोह के उद्घटन सत्र को संबोधित करने के बाद यह घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने सांकेतिक रूप से 23 लाख 75 हजार नए लाभार्थियों को राशन कार्ड तथा 1,448 नई जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के लिए अनुज्ञप्ति पत्र वितरित किए।
 
चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि बिहार का कोई भी गरीब भूखा नहीं रहे और कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। गरीबों के जीवन में खुशहाली लाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अभियान चलाकर राशन कार्ड से वंचित पात्र लोगों के नाम जोड़ने की पहल करने की अपील की।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में बिहार में कुल 2.09 करोड़ राशन कार्ड जारी किए गए हैं, जिनसे लगभग 8.46 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं। गरीब परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आयुष्मान भारत योजना से भी जोड़ा जा रहा है।