Electricity trading volumes on the Indian Energy Exchange rose 10.4 percent to 12.2 billion units in September.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिजली खरीद-बिक्री मंच इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (आईईएक्स) की बिजली कारोबार की मात्रा सितंबर में सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत बढ़कर 12.2 अरब यूनिट (बीयू) हो गई।
बयान के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में आईईएक्स पर बिजली कारोबार की मात्रा 3,968.5 करोड़ यूनिट रही जो सालाना आधार पर 12.7 प्रतिशत अधिक है।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में ‘डे-अहेड मार्केट’ (डीएएम) यानी अगले दिन की आपूर्ति में औसत बाजार समापन मूल्य 5.7 रुपये प्रति यूनिट रहा जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के मुकाबले 46 प्रतिशत अधिक है।
इसी तरह, कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में वास्तविक समय पर औसत बाजार समापन मूल्य 5.2 रुपये प्रति यूनिट रहा जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही की तुलना में 49 प्रतिशत अधिक है।
इसी तिमाही में देश की ऊर्जा खपत 502 अरब यूनिट तक पहुंच गई जो सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत की वृद्धि है।
सितंबर में आईईएक्स पर बिजली कारोबार की मासिक मात्रा 1,222 करोड़ यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत अधिक है। इसी महीने भारत में बिजली की मांग मजबूत बनी रही और 10 सितंबर, 2026 को अधिकतम मांग 269 गीगावाट तक पहुंच गई।