आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
इस बीच, विपक्षी समाजवादी पार्टी ने 16 अक्टूबर को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने के संकेत दिए हैं।
भाजपा के आठों उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में निर्वाचन अधिकारी अजीत वर्मा के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
इन उम्मीदवारों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से उत्तर प्रदेश के मंत्री धर्मपाल सिंह (लोध), ओबीसी प्रकोष्ठ के राज्य प्रमुख प्रकाश पाल (पाल) और श्रुति गंगवार (कुर्मी), अनुसूचित जाति से विद्यासागर सोनकर और प्रियंका रावत, ब्राह्मण समुदाय से राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडे तथा क्षत्रिय समुदाय से राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी उम्मीदवारों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
निर्वाचन अधिकारी वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सभी उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र के दो-दो सेट दाखिल किए हैं। प्रत्येक सेट के साथ प्रस्तावक के तौर पर 10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं।’’