ED attaches assets worth over ₹39 crore belonging to Al Falah Chairman.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अल फलाह समूह के अध्यक्ष जवाद अहमद सिद्दीकी और उनके धर्मार्थ ट्रस्ट के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत दिल्ली के जामिया नगर में एक मकान, फरीदाबाद में खेती की जमीन और कई बैंक खातों में जमा राशि कुर्क की है, जिनकी कुल कीमत 39 करोड़ रुपये से ज्यादा है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुए विस्फोट से जुड़े एक ‘सफेदपोश’ आतंकी मॉड्यूल की जांच के दौरान जांच एजेंसियों के रडार पर आई थी। इस विस्फोट में 15 लोग मारे गए थे।
ईडी ने एक बयान में कहा कि धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के नियमों के तहत इन संपत्तियों के लेन-देन पर रोक लगाने के लिए एक अस्थायी कुर्की आदेश जारी किया गया है।
इन संपत्तियों में दिल्ली के जामिया नगर में स्थित एक मकान, फरीदाबाद के धौज इलाके में खेती की जमीन और कुछ बैंक खातों में जमा रकम एवं सावधि जमा राशि शामिल हैं।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इन संपत्तियों की कुल कीमत 39.45 करोड़ रुपये है।
सिद्दीकी (61) अभी जेल में बंद हैं।