Despite 'ups and downs' on the political front, relations with India are 'excellent': Nepal Foreign Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भारत के साथ नेपाल के संबंधों को ‘बेहतरीन’ करार दिया और कहा कि राजनीतिक मोर्चे पर ‘उतार-चढ़ाव’ आते रहते हैं लेकिन काठमांडू नयी दिल्ली के साथ संबंधों में ‘व्यावहारिक’ दृष्टिकोण अपना रहा है और चुनौतियों के बजाय अवसरों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
खनाल ने बृहस्पतिवार को ‘एशिया सोसाइटी’ में एक चर्चा के दौरान कहा, ‘‘हमारे बीच कई उच्चस्तरीय यात्राएं हुई हैं और यहां न्यूयॉर्क में भी मेरी भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात हुई है।’’
एशिया सोसाइटी के वैश्विक अध्यक्ष एवं सीईओ केविन रुड ने खनाल से सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार के बालेंद्र शाह सरकार के साथ संबंध कैसे हैं जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध ‘बहुआयामी’ हैं और काठमांडू के कुल व्यापार का लगभग दो-तिहाई व्यापार भारत के साथ होता है।
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध भी बेहद मजबूत हैं। राजनीतिक मोर्चे पर कभी-कभी उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है लेकिन मेरा मानना है कि इस समय हमारे संबंध बेहरतीन हैं।’’
जयशंकर ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन परिसर में खनाल के साथ वार्ता की। दोनों नेताओं ने इस साल जून में दिल्ली में हुई पिछली मुलाकात के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति पर चर्चा की, जिसमें विकास साझेदारी और ऊर्जा सहयोग भी शामिल था।