आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड पड़ी और इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र, सफदरजंग में जनवरी 2023 के बाद से सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले 16 जनवरी 2023 को पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
पालम में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी मार्ग पर पारा 3.4 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। वहीं, रिज स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री और आयानगर में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पालम में दर्ज न्यूनतम तापमान 2010 के बाद का सबसे कम तापमान रहा। इसके बाद दूसरी बार सबसे कम तापमान सात जनवरी 2013 को दर्ज किया गया था। इस दिन पारा 2.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
दिल्ली के सभी मौसम केंद्रों ने सामान्य से कम तापमान दर्ज किया, जो पूरी दिल्ली में शीत लहर की स्थिति के बने रहने का संकेत है। राष्ट्रीय राजधानी पिछले चार दिनों से शीत लहर की चपेट में है और यह संभावना जताई जा रही है कि यह अगले दिन यानी कल भी जारी रहेगी।
इसके साथ ही आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।