Delhi Police accused of 'life-threatening' attack during protest, AAP state president files complaint
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने हाल के प्रदर्शनों के दौरान उन पर ‘‘जानलेवा’’ हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त के पास लिखित में शिकायत दर्ज कराई।
भारद्वाज ने मांग की कि ‘आपराधिक साजिश’ के लिए प्राथमिकी दर्ज की जाए और उस समय तैनात दिल्ली पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों द्वारा उन पर किए गए ‘‘खतरनाक और जानलेवा शारीरिक हमले’’ की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
भारद्वाज ने अपने पत्र में कहा, ‘‘मैं दिल्ली में सार्वजनिक सभाओं के दौरान दिल्ली पुलिस के कर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों द्वारा मुझ पर किए गए शारीरिक हमले की तीन बेहद गंभीर और खतरनाक घटनाओं के संबंध में औपचारिक एवं समेकित शिकायत दर्ज कराने के लिए यह पत्र लिख रहा हूं। इन हमलों की प्रकृति, उन्हें अंजाम देने के तरीके और उनकी पुनरावृत्ति से स्पष्ट होता है कि ये भीड़ को नियंत्रित करने के सामान्य उपाय नहीं हैं।’’
उन्होंने कहा कि इसके बजाय, ये आधिकारिक ड्यूटी की आड़ में उन्हें गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने या उनकी जान लेने के लिए रची गई ‘‘समन्वित आपराधिक साजिश’’ का हिस्सा हैं।