आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की रणजी टीम के मुख्य कोच विजय दहिया ने कहा कि उनके खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभाएं और उन्हें व्यक्तिगत प्रदर्शन को सामूहिक सफलता में बदलना होगा।
दिल्ली की टीम खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा होने के बावजूद संघर्ष करती रही है। रणजी ट्रॉफी के नए सत्र में उसका पहला मुकाबला बंगाल से होगा।
दिल्ली के मुख्य कोच के रूप में तीसरी बार पदभार संभालने के बाद दहिया ने पीटीआई से कहा, ‘‘फिर से इस टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमें लंबी अवधि के प्रारूप में बदलाव करने की जरूरत है। खिलाड़ियों को यह बात समझनी होगी कि इस प्रारूप के लिए क्या जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट एक टीम गेम है जिसमें खिलाड़ी व्यक्तिगत प्रदर्शन करते हैं। खिलाड़ियों को इस व्यक्तिगत प्रदर्शन को सामूहिक सफलता में बदलना होगा।’’