देश में ‘काला आपातकाल’ लगाया गया है: आम आदमी पार्टी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-10-2026
A ‘Black Emergency’ has been imposed in the country: Aam Aadmi Party
A ‘Black Emergency’ has been imposed in the country: Aam Aadmi Party

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली  

 
 आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे कई लोगों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश में ‘काला आपातकाल’ लगाने का आरोप लगाया।
 
'आप' विधायक गोपाल राय ने कहा कि सरकार ने केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशन बंद किए और ट्रेन रद्द कीं।
 
राय ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के बजाय केंद्र सरकार ने देश में काला आपातकाल लगा दिया है। आज कुमार को बचाने के लिए आपने दिल्ली को छावनी में बदल दिया है। लेकिन याद रखिए, आप चाहे जितनी भी ताकत लगा लें, इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकेगा।’’
 
'आप' की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रदर्शनकारी केवल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती से डर का माहौल बनता है।
 
भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘आप ताकत के दम पर ‘जेन-जी’ को चुप नहीं करा सकते। ये हमारे युवा हैं। इनसे बात कीजिए और इन्हें साथ लेकर चलिए। भाजपा सरकार दिखाना चाहती है कि हम डरे हुए हैं। हम डरे हुए नहीं हैं। हम अहिंसा और भारत के संविधान में विश्वास करते हैं।’’