आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली सरकार ने बुधवार को केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद सेंट्रल विस्टा को जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण कॉरिडोर सहित दिल्ली मेट्रो परियोजना के पांचवे चरण को मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 12,014.91 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना का पांचवां चरण राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक परिवहन अवसंरचना को मजबूत करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार परियोजना लागत में 2,940.46 करोड़ रुपये का योगदान देगी।
एक बयान के अनुसार, राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को परियोजना के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि भीड़ कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना आवश्यक है।
जिन तीन कॉरिडोर को मंजूरी दी गयी, उनमें आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (सेंट्रल विस्टा होते हुए), तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज और एयरोसिटी से इंदिरा गांधी टर्मिनल-1शामिल हैं।