आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में आग लगने की बढ़ती घटनाओं के बीच दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) इस साल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करके अपनी सेवाओं में कायाकल्प करने जा रही है। इसके तहत एक केंद्रीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआईए), ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) और भौगोलिक सूचना प्रणाली(जीआईएस) जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग होगा।
यह विभाग कर्मचारियों की कमी और पुराने उपकरणों जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी में लगातार आग लगने की सूचनाएं आने के कारण, विभाग को कर्मचारियों की भारी कमी, पुरानी संचार प्रणालियों और बड़े पैमाने पर काम पुराने तरीके से (मैन्युअल) संचालन करना पड़ रहा है जिससे अक्सर प्रतिक्रिया देने में देरी होती है।
डीएफएस के पास वर्तमान में 71 अग्निशमन केंद्रों में 2,459 कार्यरत कर्मचारी हैं, जबकि गृह मंत्रालय की स्थायी अग्नि सलाहकार समिति के दिशानिर्देशों के अनुसार लगभग 24,000 कर्मचारियों और 120 दमकल केंद्रों की आवश्यकता बताई गई है। यह क्षमता में काफी अंतर को दर्शाता है।
घटनाओं में वृद्धि के मद्देनजर, आपातकालीन प्रतिक्रिया को सुव्यवस्थित करने और मैनुअल प्रक्रियाओं पर निर्भरता को कम करने के लिए डीएफएस इस वर्ष प्रौद्योगिकी से लैस नियंत्रण केंद्र स्थापित करने की योजना बना रहा है।