आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत की बढ़ती डिजिटल क्षमता का उल्लेख करते हुए मंगलवार को कहा कि 15 अरब डॉलर के आगामी गूगल एआई डेटा सेंटर के साथ विशाखापत्तनम कृत्रिम मेधा (एआई) केंद्र के रूप में उभरेगा।
विशाखापत्तनम के तारलुवाड़ा में ‘गूगल क्लाउड इंडिया एआई डेटा सेंटर’ के शिलान्यास समारोह में उन्होंने कहा कि यह पहल भारत के एआई आधारित डिजिटल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा, ‘‘ भारत की बढ़ती डिजिटल ताकत स्पष्ट है और 15 अरब डॉलर के गूगल एआई डेटा सेंटर के साथ विशाखापत्तनम एक प्रमुख एआई केंद्र बनने जा रहा है।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विशाखापत्तनम एक ‘एआई सिटी’ में तब्दील होगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की दूरदर्शिता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा शिक्षा, स्वास्थ्य, वैमानिकी, लॉजिस्टिक और कृषि जैसे क्षेत्रों में बदलाव ला रही है और इस एआई केंद्र के जरिये कई प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी।
रेल, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णव ने कहा कि समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर के बाद परियोजना में तेजी से प्रगति हुई है और उन्हें विश्वास है कि जल्द ही प्रधानमंत्री द्वारा इस डेटा सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा।