Cyclone Akwan causes no major damage or casualties in Odisha, heavy rain continues in the state
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा में शुक्रवार सुबह गोपालपुर के पास तट से टकराए चक्रवात ‘अकवान’ के कारण अब तक बड़े नुकसान या किसी की मौत की खबर नहीं है लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में बताया कि चक्रवात के दस्तक देने की प्रक्रिया सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई और पूर्वाह्न 11 बजकर 20 मिनट पर पूरी हुई।
आईएमडी ने सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर जारी बुलेटिन में कहा, “चक्रवाती तूफान अकवान ने सुबह सात बजकर 30 मिनट से आठ बजकर 30 मिनट के बीच 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं और 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंकों के साथ गोपालपुर के पास दक्षिणी तटीय ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश को पार किया। इसके तट पर पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।”
मौसम विभाग ने दोपहर एक बजे जारी बुलेटिन में बताया कि चक्रवाती तूफान कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। दक्षिणी तटीय ओडिशा में इसके साथ 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है।
बुलेटिन में कहा गया कि गहरे दबाव का यह क्षेत्र उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों में धीरे-धीरे कमजोर होकर दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद अगले छह घंटों में इसके और कमजोर होकर स्पष्ट रूप से चिह्नित कम दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।