Considering bringing insurance support scheme for exporters amid West Asia crisis: Goyal
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बीच निर्यातकों को मदद देने के लिए सरकार बीमा समर्थन जैसी नई योजनाएं शुरू करने की संभावना तलाश रही है।
गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इस संबंध में निर्यात ऋण गारंटी देने वाली इकाई ईसीजीसी और अन्य विभागों के साथ परामर्श किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हम निर्यातकों की मदद के लिए बीमा समर्थन जैसी कुछ नई योजनाएं विकसित करने पर भी विचार कर रहे हैं... इस बारे में ईसीजीसी और अन्य विभागों से चर्चा की जा रही है।”
उन्होंने कहा कि एक अंतर-मंत्रालयी समूह पश्चिम एशिया संकट से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और निर्यातकों के साथ लगातार संपर्क में है।
गोयल ने कहा कि सरकार उन निर्यातकों की मदद के उपाय तलाश रही है जिनका माल भेजा जा चुका है लेकिन मौजूदा हालात के कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, सीमा-शुल्क विभाग ने पश्चिम एशिया संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने और समुद्री मार्गों में व्यवधान के चलते भारतीय बंदरगाहों पर वापस आने वाले निर्यात माल से निपटने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।