आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को गाजा संघर्ष पर केंद्र सरकार की ‘‘चुप्पी और निष्क्रियता’’ संबंधी कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के लेख पर पलटवार करते हुए उन पर भारत के रुख को लेकर ‘‘लोगों को गुमराह करने और वास्तविक सच्चाई छिपाने’’ का प्रयास करने का आरोप लगाया।
सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा कि भारत ने गाजा और फलस्तीन के मुद्दे पर लगातार अपना रुख स्पष्ट किया है, मानवीय सहायता उपलब्ध करायी है और युद्धविराम की मांग वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के पक्ष में मतदान किया है।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में शनिवार को प्रकाशित सोनिया गांधी के उस लेख के बाद आयी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘‘इजराइल द्वारा गाजा में किए जा रहे नरसंहार पर मोदी सरकार की चुप्पी और निष्क्रियता न केवल नैतिक रूप से निंदनीय है’’, बल्कि ‘‘राष्ट्रीय हित के दृष्टिकोण से भी समझ से परे है।’’
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने दावा किया कि भारत ने खुद को अपने पारंपरिक सहयोगियों फलस्तीन, ईरान और वृहद पश्चिम एशिया से अलग-थलग कर लिया है, वैश्विक जनमत से दूरी बना ली है और पाकिस्तान को मध्यस्थ की भूमिका निभाने का अवसर दे दिया है।
सोनिया गांधी के लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि इससे एक बार फिर साबित हो गया कि कांग्रेस के लिए ‘‘विदेश नीति’’ से अधिक ‘‘वोट बैंक की राजनीति’’ महत्वपूर्ण है।