Congress is in tune with Pakistan, this is a compromise with the country's security: PM Modi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी शिविरों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, लेकिन कांग्रेस पड़ोसी देश के ‘सुर में सुर’ मिलाती रहती है।
विकास के मोर्चे पर उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा इस मामले में संकीर्ण सोच अपनाई है, जबकि भाजपा देश का दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने के लिए काम करती है।
मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा अल्पकालिक उपाय अपनाए ताकि वे भ्रष्टाचार में लिप्त रह सकें। लेकिन भाजपा समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए निर्णय लेते समय दूरदर्शी सोच रखती है।”
असम के बरपेटा जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाती रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान से यह संबंध देश की सुरक्षा से समझौता है, लेकिन हम कभी इसकी अनुमति नहीं दे सकते।’’
उन्होंने कांग्रेस पर ‘वन रैंक, वन पेंशन’ योजना लागू न करके सेना की उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया। मोदी ने रैली में कहा कि भाजपा ने यह सुनिश्चित किया कि देश की रक्षा करने वालों को न्याय मिले।
उन्होंने कहा कि असम में अनेक बलिदानों और पिछले दस वर्षों में हस्ताक्षरित विभिन्न शांति समझौतों को लागू करने की दिशा में भाजपा के ईमानदार प्रयासों के कारण शांति स्थापित हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य में शांति और स्थिरता ने भाजपा शासन में विकास को गति दी है... इसे जारी रखने के लिए कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखना आवश्यक है।’’